गरियाबंद : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : जिले में उत्साह के साथ मनाया गया योग दिवस
गरियाबंद : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : जिले में उत्साह के साथ मनाया गया योग दिवस
  • योग के विभिन्न विधाओं का अभ्यास
  • कलेक्टर, एसपी सहित आम नागरिकों ने किया योगाअभ्यास

गरियाबंद 21 जून 2021

सातवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर आज जिले में उत्साहपूर्ण वातावरण में योगाभ्यास किया गया। वर्चुअल योगाभ्यास और सोशल डिस्टेसिंग के साथ भी योगाभ्यास किया गया। कलेक्टर श्री निलेश क्षीरसागर ने अपने निवास पर सपत्निक योग किया। तत्पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर के नेतृत्व में अपर कलेक्टर श्री जे. आर चौरसिया, वरिष्ठ अधिकारियों, समाज सेवी और आम नागरिकों के साथ भी सामूहिक योग किया गया। इसके अलावा पुलिस परेड ग्राउण्ड में पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर एवं पुलिसकर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

जिले के जनपद, तहसील एवं पंचायत तथा बिहान की महिलाएं सहित विभिन्न संस्थाओं में योग का आयोजन किया गया। सामूहिक योगाभ्यास में प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक योग की विशिष्ट क्रियाओं का अभ्यास कराया गया, जिसमें अतिथिगण, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, आम नागरिक तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कई बच्चों ने अपने अभिभावक के साथ अपने घरों में ही योग के विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री निलेश क्षीरसागर ने कहा कि योग करके हम स्वस्थ रह सकते है। उन्होंने कहा कि यदि हम नियमित रूप से योग करें तो बीमारियों से बच सकते हैं। योग को जीवन का हिस्सा बनाने एवं दिनचर्या में शामिल करने की अपील कलेक्टर द्वारा किया गया। उन्होंने इस अवसर पर लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।