dhan 2, ​​​​​​​राज्य में अब तक 28.08 लाख मीटरिक टन धान खरीदी
dhan 2, ​​​​​​​राज्य में अब तक 28.08 लाख मीटरिक टन धान खरीदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के धान खरीदी केन्द्रों में अब फिर से किसानों की चहल-पहल बढ़ गई है। इन केन्द्रों में फिर से बड़ी मात्रा में धान की आवक होने लगी है। धान खरीदी केन्द्रों को अब पुनः व्यवस्थित कर लिया गया है।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व हुई बारिश और मौसम में बदलाव के कारण राज्य की कुछ धान खरीदी केन्द्रों में खरीदी कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ था, जिसे अब ठीक कर लिया गया है।
खाद्य सचिव श्री टोपेश्वर वर्मा ने बताया कि राज्य के 2484 धान उपार्जन केन्द्रों से समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है। मैदानी अमलों को यह निर्देश दिए गए हैं कि धान खरीदी कार्य में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी धान खरीदी केन्द्रों में बारिश से धान को सुरक्षित रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने के लिए कहा गया है।

खाद्य सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर राज्य सरकार द्वारा मिलरों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर 120 रूपए प्रति क्विंटल कर दी गई है। इसके अलावा किसानों के पुराने बारदाने के लिए 25 रूपए की राशि दी जा रही है। इससे राज्य में पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष कस्टम मिलिंग के लिए धान खरीदी केन्द्रों से तेजी से धान का उठाव हो रहा है। इस वर्ष केन्द्रीय पुल में 61.65 लाख मीट्रिक टन धान जमा कराया जाना है इसको देखते हुए रेलवे के रेक मूव्हमेंट पर लगातार निगरानी रखी जा रही है जिससे समय पर केन्द्रीय पुल के लिए निर्धारित चावल जमा कराया जा सके।

श्री वर्मा ने बताया कि राज्य में चालू धान खरीदी सीजन में 105 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। सभी धान खरीदी केन्द्रों में धान के रख-रखाव की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। धान खरीदी केन्द्रों में 03 जनवरी तक सहकारी समितियों के माध्यम से 14 लाख 36 हजार 516 किसानों से 55 लाख 52 हजार 416 मीट्रिक टन की खरीदी की गई है। विपणन संघ द्वारा किसानों को भुगतान के लिए 10 हजार 497 करोड़ रूपए की राशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि केन्द्रों से धान का मिलरों द्वारा तेजी से उठाव किया जा रहा है। धान के उठाव के लिए अब तक जारी डी.ओ. के विरूद्ध मिलर्स द्वारा 18 लाख 20 हजार 231 मीट्रिक टन एवं परिवहनकर्ताओं द्वारा 4.95 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। इस प्रकार कुल डी.ओ. एवं टी.ओ. के माध्यम से 23.15 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *