महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पाद के लिए मार्केट लिंकेज पर करें फोकस: कलेक्टर
महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पाद के लिए मार्केट लिंकेज पर करें फोकस: कलेक्टर

रायगढ़ ।  कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आजीविका संवर्धन से जुड़े सभी विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले के विभिन्न गोठानों में तैयार किए जा रहे मल्टी एक्टीविटी शेड निर्माण कार्य के प्रगति के साथ यहां संचालित हो रही गतिविधियों की विकासखण्डवार समीक्षा की। उन्होंने मल्टी एक्टीविटी सेंटर में महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के अनुसार विक्रय हेतु मार्केट लिंकेज पर फोकस करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय स्तर पर भी उत्पादों का विक्रय बढ़ाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जनपद सीईओ के द्वारा उनके विकासखण्ड के गोठानों में संचालित मल्टी एक्टीविटी सेंटर के बारे में जानकारी ली।

रायगढ़ के ननसिया में महिला समूह द्वारा बेकरी का कार्य शुरू किया गया है। यहां अभी पेटिस, ब्रेड, कुकिज जैसे आयटम्स तैयार किए जा रहे हैं। महिलाओं को इसके लिए टे्रनिंग भी दी जा रही है। इसी प्रकार दूसरे गोठानों में भी विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार किए जा रहे है। कलेक्टर श्री सिंह ने महिला समूहों के कार्य की सराहना की तथा उनके उत्पादों के विक्रय के लिए मार्केट लिंकेज कराने के लिए कहा। साथ ही जिले की वेबसाईट में भी समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की डिटेल अपलोड करने व आर्डर प्लेस करने के लिए फोन नंबर जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विकासखण्ड के चिन्हांकित गोठानों में मल्टी एक्टीविटी सेंटर के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। धरमजयगढ़ तथा तमनार में निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई तथा निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोठानों में संचालित होने वाली गतिविधियों के अनुरूप आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त मल्टी एक्टीविटी सेंटर स्वीकृत करने के निर्देश भी दिए।

जिले में संचालित उद्योगों में गमबूट्स, ग्लव्स, एप्रेन, फ्लोरोसेंट सेफ्टी जैकेट जैसे औद्योगिक सुरक्षा उत्पाद की मांग को देखते हुये अब महिला समूहों को भी इन उत्पादों के निर्माण कार्य से जोड़ जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने इसके लिए औद्योगिक सुरक्षा अधिकारी को इन उत्पादों के प्रोडक्शन से जुड़े टे्रनिंग व आवश्यक रॉ-मटेरियल के संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शुरूआती प्रशिक्षण व कैपिटल इन्वेस्टमेंट जिला प्रशासन द्वारा प्रदान किया जाएगा। उद्योगों से टाईअप होने से समूहों द्वारा तैयार उत्पाद के लिए एक मार्केट तैयार हो सकेगा। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने वन अधिकार पत्र प्राप्त हितग्राहियों को मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार प्रदान करने के तहत जिले में हुए कार्यों की समीक्षा की। सीईओ जिला पंचायत डॉ.रवि मित्तल ने बताया कि रायगढ़ पूरे प्रदेश में अव्वल चल रहा है। जिले में लक्ष्य के विरूद्ध 32 प्रतिशत लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। कलेक्टर श्री सिंह ने जल्द लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने कृषि विभाग द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी ली। बताया गया कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष खरीफ में रागी का रकबा 1600 हेक्टेयर बढ़ा है। इसी प्रकार जवाफूल चावल की खेती को भी अच्छा रिस्पांस मिला था। इसका रकबा 250 से बढ़कर 1500 हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने खरीफ के साथ रबी में भी रागी की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में सामुदायिक बाडिय़ों में सब्जी की खेती को बढ़ावा देते हुये मॉडल फार्मिंग के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक बाड़ी विकास के तहत बड़े भूखण्ड आबंटित किए गए है जिसमें वृहद स्तर पर सब्जियों का उत्पादन लिया जा सकता है। एक स्थान पर बड़े पैमाने पर सब्जी उगाने पर उसके विक्रय में आसानी होगी। इसी के साथ कलेक्टर श्री सिंह ने गोठानों में गेंदे तथा अन्य प्रजाति के फूलों की खेती को भी बढ़ावा देने के लिए उद्यानिकी विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने पशुपालन विभाग के कामकाज की समीक्षा के दौरान गोठानों में किए जा रहे मुर्गी पालन (पोल्ट्री फार्मिंग) की समीक्षा की। बताया गया कि 58 गोठानों में पोल्ट्री फार्मिंग किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने इन गोठानों का समीप के आंगनबाड़ी केन्द्रों से लिंकेज करने के निर्देश दिए। जिससे सुपोषण अभियान के तहत अण्डों की सप्लाई सीधे आंगनबाड़ी में हो। कलेक्टर श्री सिंह ने वनधन केन्द्रों के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ.रवि मित्तल, सहायक कलेक्टर श्री प्रतीक जैन, उप संचालक पशुपालन श्री आर.एच.पाण्डेय, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री कमलेश दीवान सहित सभी जनपद के सीईओ व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।