लुटेरों से अकेला भिड़ा युवक, लुटेरे धारदार हथियार से हमला किया, हिम्मत देख भागे
लुटेरों से अकेला भिड़ा युवक, लुटेरे धारदार हथियार से हमला किया, हिम्मत देख भागे

जांजगीर । छत्तीसगढ़ के जांजगीर में 35 साल के एक लड़के की हिम्मत ने लूट को नाकाम कर दिया। घर में शुक्रवार देर रात धारदार हथियार लेकर घुसे बदमाशों से युवक अकेला ही भिड़ गया। उसकी हिम्मत देख लुटेरे वहां से जान बचाकर भाग निकले। इस दौरान युवक जरूर घायल हो गया। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है। सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों को लगी तो पुलिस के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बनाहिल-मुलमुला मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब 3 घंटे चले हंगामे के बाद मामला शांत हुआ।

मुलमुला थाना क्षेत्र में बनाहिल-मुलमुला मुख्यमार्ग पर गनपत साहू की किराना दुकान है। वहीं वह अपने परिवार के साथ रहते भी हैं। शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे आवाज सुनकर परिवार वालों की नींद खुली। उन्होंने चेक किया तो नकाबपोश 2 बदमाश उनके घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। इस पर गनपत साहू का पुत्र राजेश ने दरवाजा खोला, तभी लुटेरे अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। राजेश अकेले ही एक लुटेरे से भिड़ गया। तभी उसका दूसरा साथी भी आ गया। दोनों ने मिलकर राजेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। थोड़ी देर बाद बदमाश वहां से भाग निकले। अगली सुबह शनिवार को इसकी जानकारी आसपास के लोगों को लगी तो उनका गुस्सा फूट पड़ा।

लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। मुलमुला क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। दीपावली के पहले भी हार्डवेयर की दुकान का शटर उखाड़ कर चोरी की गई। उससे पहले बैक, मंदिर और स्कूल में चोरियों के अलावा दर्जनों और चोरियां हो चुकी हैं। चिंता की बात यह है कि सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों के चेहरे नजर आने के बावजूद पुलिस उन तक पहुंचने में नाकाम साबित हो रही है। इसके चलते लोगों में पहले से नाराजगी है। इस वारदात के बाद गुस्सा बढ़ गया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *