15 लाख की लूट का खुलासा: इंडियन बैंक का कर्मचारी निकला मास्टर माइंड
15 लाख की लूट का खुलासा: इंडियन बैंक का कर्मचारी निकला मास्टर माइंड

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इंडियन बैंक के कर्मचारी से हुई 15 लाख की लूट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इंडियन बैंक का कर्मचारी ही लूट का मास्टर माइंड निकला है। जोमेटो में काम करते समय ही बैंक कर्मचारी से दोस्ती हुई थी। 3 महीने पहले भी एक बुर्जुर्ग व्यक्ति के साथ हुए लूट का खुलासा हुआ है। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीर से आरोपियों की पहचान की गई है। पुलिस ने बिहार निवासी दो आरोपी समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक पुरुष और एक महिला आरोपी फरार है। इस पूरे मामले में सायबर सेल, थाना मोहन नगर और सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है।

भिलाई निवासी पीड़ित राहुल चौहान ने 13 अक्टूबर को मोहन नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इंडियन बैंक शाखा संतरा बाड़ी से 15 लाख रुपए लेकर अपनी एक्टिवा CG 07 AS 1145 के डिक्की में रखकर इंडियन बैंक शाखा कसारीडीह दुर्ग लेकर जा रहा था। तभी एक पल्सर में सवार तीन पहुंचे, जो मुंह कपड़े से ढके हुए थे। सीने में पिस्टल अड़ाकर जान से मारने की धमकी देकर गाड़ी और 15 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें तीन अज्ञात व्यक्ति ब्लैक पल्सर में बैठे कैद हुए, जो फर्जी नबंर प्लेट लगाकर लूट की घटना को अंजाम देते थे। इंडियन बैंक के कर्मचारी पार्थी राहुल चौहान से पूछताछ कर बैंक के संदिग्ध कर्मचारियों पर निगरानी रखी गई। इसके अलावा लूट मामले में गिरफ्तार किए गए पूर्व आरोपियों, निगरानी बदमाशों, जेल से रिहा हुए पूर्व आपराधिक प्रवृति के व्यक्तियों और वर्तमान में जेल में निरूद्ध आरोपियों से संपर्क कर जानकारियां जुटाई गई।

आरोपियों की तलाश के लिए ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश में पुलिस की टीम रवाना किया गया था। तीनों आरोपी राजीव रंजन गोस्वामी, सुनील पाण्डेय और आतिश गोस्वामी को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला है कि राजीव रंजन गोस्वामी भिलाई के स्टील प्लांट में ठेकेदार का काम कर रहा था। फिर कोरोना काल के बाद जोमेटो में डिलिवरी ब्वाय का भी काम करता था। उसी दौरान इंडियन बैंक के कसारीडीह के शाखा कर्मचारी सुनील पाण्डेय से उसकी पहचान हुई। फिर आतिश गोस्वामी, नितिन सिंह राजपूत और अनिता गोस्वामी के साथ मिलकर पांचों ने लूट की घटना को अंजाम दिया, जिसमें से तीन आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं। वहीं नितिन सिंह राजपूत और अनिता गोस्वामी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लूट के मामलों में करीब 10 लाख, बाइक, फर्जी नम्बर प्लेट, 1 कट्टा और कारतूस बरामद किया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *