साइबर अपराधों से बचने के लिए रायगढ़ पुलिस का जन जागरूकता महाअभियान
साइबर अपराधों से बचने के लिए रायगढ़ पुलिस का जन जागरूकता महाअभियान

रायगढ़ पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे साइबर जनजागरूकता महाअभियान के तहत आज नगर निगम ऑडिटोरियम में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ओ पी चौधरी, विधायक रायगढ़ एवं वित्त मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कलेक्टर रायगढ़ कार्तिकेय गोयल ने अपने स्वागत भाषण में साइबर फ्रॉड की बढ़ती समस्या और इस कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा और वित्त मंत्री ओ पी चौधरी की उपस्थिति इस कार्यक्रम की महत्ता को दर्शाती है।

रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल ने साइबर जनजागरूकता पखवाड़ा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। यह पखवाड़ा 5 अक्टूबर 2024 से 19 अक्टूबर 2024 तक पूरे छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जा रहा है। एसपी दिव्यांग ने बताया कि रायगढ़ पुलिस जनता के हर वर्ग तक साइबर अपराधों के बारे में जानकारी पहुंचाना चाहती है।

इसे भी पढ़ें  रायपुर में लाइट मेट्रो को लेकर उपमुख्यमंत्री ने महापौर एजाज ढेबर पर लगाया "भद्दा मजाक" का आरोप

इस कार्यक्रम में रायगढ़ साइबर सेल के डीएसपी अभिनव उपाध्याय ने साइबर अपराधों के प्रकार और उनसे बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रोफाइल क्लोनिंग, पार्सल स्कैम, कॉल फॉरवार्डिंग फ्रॉड, सेक्सटोरशन, वाटसैप हैक, कालिंग फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड, शेयर मार्किट फ्रॉड या ट्रेडिंग स्कैम, फ्री मूवी स्कैम, टिकट स्कैम, एपीके स्कैम, एटीएम स्कीमिंग आदि आज के समय में आम साइबर अपराध हैं। उन्होंने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले सोचने और अपने सोशल मीडिया अकाउंट को हमेशा लॉक रखने की सलाह दी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र यादव ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। ओ पी चौधरी ने कहा कि साइबर स्मार्ट होना आज के समय में बहुत जरूरी है क्योंकि साइबर अपराधी लोगों को नए-नए तरीकों से ठगते हैं। उन्होंने रायगढ़ पुलिस के साइबर जनजागरूकता अभियान की प्रशंसा की और लोगों से अपील की कि वे साइबर फ्रॉड के बारे में जानकारी को गंभीरता से लें।

इसे भी पढ़ें  बिलासपुर: कुएं की सफाई के दौरान युवक की जहरीली गैस से मौत, सुरक्षा उपायों की आवश्यकता

न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा ने कहा कि साइबर फ्रॉड एक गंभीर समस्या है जिसके बारे में जागरूकता बढ़ानी चाहिए। उन्होंने बताया कि न्यायाधीशों के फेक अकाउंट बनाकर भी ठगी की जाती है। उन्होंने सभी से डिजिटल युग में सतर्क रहने और रायगढ़ पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को ध्यान में रखने की अपील की।

इस कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश जितेन्द्र जैन, रायगढ़ जिले के सभी न्यायाधीश, सभी बार एसोसिएशन के अधिवक्ता, हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन, दिव्या शक्ति, लायंसक्लब दिव्य उर्जा, लायंस क्लब प्राइड, लायंस क्लब रायगढ़ सिटी, जेसीआई रायगढ़ सिटी, रोटरी क्लब खरसिया, अग्रसेन जन कल्याण ट्रस्ट, रानिसती सेवा समिति, अग्रवाल माहिला सम्मलेन, रायगढ़ क्रिएटिव टीम डिजी एंड रील प्रोडक्शन आदि ने भाग लिया।