कोरबा: कोरबा समेत कोरिया जिले में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस कारण मिनीमाता बांगो हसदेव बांध लबालब हो गया है और पांच गेट खोल दिए गए हैं। तीन साल बाद बांध के गेट खोलने की नौबत आई है।
क्या हुआ बांध के साथ?
- शनिवार की देर रात बांध के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने तीन गेट खोले।
- रविवार की सुबह दो और गेट खोल दिए गए।
- लगभग 50 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।
क्या है स्थिति?
- कोरिया, चिरमिरी और कोरबा में लगातार बारिश से जलस्तर 98 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया है।
- हसदेव डुबान क्षेत्र में प्रशासन ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है।
- बांगो बांध में बने हाइडल प्लांट को पूरी क्षमता से संचालित किया जा रहा है।
- दर्री बराज के तीन गेट पहले ही खोल दिए गए हैं।
- बांगो बांध के गेट खुलने से दर्री बाराज पर पानी का दबाव और बढ़ेगा। दर्री बाराज के कई और गेट खोलने की संभावना है।
क्या है नुकसान?
- दोनों बांध के गेट खोले जाने से शहर के सीतामढ़ी क्षेत्र में हसदेव नदी के किनारे रहने वाले कुछ इलाकों में पानी भर गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने और जल स्तर में वृद्धि को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।