WhatsApp Group

पहाड़ी कोरवा एवं पण्डो जनजाति के 58 लोगों का हुआ निःशुल्क उपचार
पहाड़ी कोरवा एवं पण्डो जनजाति के 58 लोगों का हुआ निःशुल्क उपचार

अम्बिकापुर । कलेक्टर संजीव कुमार झा के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखण्डों मे विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डों एवं पहाड़ी कोरवा बाहुल्य क्षेत्र मे इनके स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण, राशन वितरण, बिजली, पेयजल सुविधा एवं अन्य विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को बतौली विकासखंड के दूरस्थ गांव बांसाझाल एवं सलयाडीह में विशेष शिविर का आयोजन किया गया जिसमें पहाड़ी कोरवा एवं पण्डो जनजाति के 58 लोग निःशुल्क उपचार से लाभान्वित हुए। शिविर में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों के द्वारा उपस्थित लोगों की समस्याओं को सुना गया और यथासंभव निराकरण किया गया।

दूरस्थ ग्राम बांसाझाल एवं सलयाडीह पहुंचविहीन दूरस्थ गांव है जो जिला मुख्यालय अम्बिकापुर से लगभग 60 किमी की दूरी पर जंगल के बीचो-बीच स्थित है। यहां आयोजित शिविर में एक चलित एम्बुलेंस की सहायता से स्वास्थ्य विभाग बतौली के कर्मचारी पहुंचे। शिविर में बीपी, शुगर, एचबी, मलेरिया, डेंगू, वायरल फीवर, सर्दी, खाँसी तथा अन्य रोगों का जांच सह उपचार किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों का निःशुल्क इलाज कर दवा वितरण किया गया। ग्रामीणों को मौसमी बीमारी से सावधान रहने तथा अपने आस पास साफ सफाई रखने की समझाईश दी गई। अपने गांव में निःशुल्क दवा तथा इलाज की सुविधा से ग्रामीण खुश हुए। वे अपने तथा अपने परिवार के लोगों का स्वास्थ्य जांच कराने बड़ी संख्या में पहुंचे। विशेष शिविर में बीएमओ डॉ संतोष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें  घुनघुट्टा बांध | Ghunghutta Dam, Ambikapur