WhatsApp Group

अतिसंवेदनशील बुरगुम में टीकाकरण शिविर
अतिसंवेदनशील बुरगुम में टीकाकरण शिविर

कोण्डागांव । जिले में लगातार कोरोना से बचाव के लिये गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को जागरूकता एवं टीकाकरण का संदेश प्रशासन द्वारा दिया जा रहा है साथ ही लोगों के टीकाकरण हेतु शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसके लिये कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा द्वारा जिले के सुदूर संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए इन क्षेत्रों में जागरूकता प्रसार हेतु स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है। जिसके तहत् मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 टीआर कुंवर के मार्गदर्शन में बीएमओ सूरज राठौर द्वारा रोस्टर तैयार कर संवेदनशील क्षेत्रों में टीकाकरण शिविर लगवाये जा रहे हैं।

इस क्रम में विगत दिनों उप स्वास्थ्य केन्द्र कड़ेनार के अंतर्गत ग्राम बुरगुम में टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया था। पूर्व से ही इस शिविर के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु सामाजिक कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षकों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर अभियान चलाया गया।

हालांकि टीकाकरण के संबंध में फैली भ्रांतियों के कारण लोग टीकाकरण के प्रति असहज दिखे ऐसे में मोबिलाइजेशन टीम के द्वारा लोगों को जानकारी देकर टीकाकरण केन्द्र में टीके हेतु लाया गया। इस शिविर में बुरगुम के कुल 20 लोगों का टीकाकरण किया गया और आरएचओ बिंदेश नेताम, आयुषकर्मी प्रकाश बागड़े, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रजबती बघेल, शिक्षक प्रताप सिंग ठाकुर, सहा. शिक्षक हरिशंकर कोसले, अश्वनी कुमार यादव, शिवचंद कावड़े द्वारा लोगों को टीका लगवाने में अपना योगदान दिया गया।

इसे भी पढ़ें  Raipur : The Campaign for COVID infection containment in rural areas yielding positive results, more than half of the villages in Chhattisgarh are COVID-free

    इस संबंध में आयुष विभाग के कर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश बागड़े ने बताया कि कड़ेनार के अंतर्गत आने वाले बुरगुम क्षेत्र अत्यन्त संवेदनशील होने के साथ भौगोलिक परिस्थितियों एवं अशिक्षा के कारण लोगों को शिविरों तक लाना कठिन हो जाता है। ऐसे में क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से ही टीकाकरण संभव हो सका है। ज्ञात हो कि प्रकाश बागड़े द्वारा स्वयं भी बेचा एवं कड़ेनार के ग्रामीणों को मास्क, साबुन, पॉम्प्लेट आदि देकर कोविड-19 के खतरों के संबंध में जानकारी दी जाती रही है।

    उल्लेखनीय है कि उप स्वास्थ्य केन्द्र कड़ेनार द्वारा ग्रामीणों के विरोध के बावजूद भी अब तक 27 शिविरों के माध्यम से बेचा में 63, कीलम में 138, कड़ेनार में 145 लोगों को कोविड-19 से बचाव हेतु टीका लगाया जा चुका है। इस संबंध में क्षेत्र की आरएचओ साक्षी मिंज ने बताया कि लोगों में सोशल मिडिया के द्वारा फैली भ्रांतियों के कारण लोग शिविरों में आने से कतराते हैं एवं भौगोलिक परिस्थितियां विषम होने से पहाड़ो पर बसे गांवों तक वैक्सीन पहुंचाना भी चुनौती होती है। ऐसे में शिविर लगाकर मोबिलाइजेशन टीम की सहायता से वैक्सिनेशन कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है। मालुम हो कि कड़ेनार के निकट बुरगुम में ही 23 मार्च को माओवादियों द्वारा डीआरजी के जवानों की बस पर आईईडी विस्फोट किया गया था जिसमें 05 जवान शहीद हुए थे।    

इसे भी पढ़ें  रायपुर : छत्तीसगढ़ में मिशन मोड में कोदो, कुटकी, रागी के उत्पादन को दिया जाएगा बढ़ावा- श्री भूपेश बघेल