कांग्रेस ने भिलाई के 70 वार्डों में तय किए प्रत्याशी
कांग्रेस ने भिलाई के 70 वार्डों में तय किए प्रत्याशी

रायपुर । कांग्रेस ने बुधवार आधी रात को भिलाई नगर निगम चुनाव के उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इससे पहले कांग्रेस पार्टी बिरगांव और रिसाली नगर निगमों के उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। अब नगर निगमों में केवल भिलाई चरोदा की सूची ही बाकी रह गई है। प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए कांग्रेस चुनाव समिति की तीन बैठकें हो चुकी हैं। रविवार को हुई पहली बैठक में पार्टी के आंतरिक सर्वे के नतीजों पर शुरुआती चर्चा हुई थी।

मंगलवार दोपहर बाद से रात तक चली बैठक में अधिकतर वार्डों में प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए, लेकिन बिरगांव, रिसाली, भिलाई और भिलाई चरोदा नगर निगमों के कुछ वार्डों में विवाद की स्थिति बन रही थी। कांग्रेस ने मंगलवार रात केवल दो नगर पालिकाओं और पांच नगर पंचायतों के प्रत्याशी घोषित किए। बुधवार शाम को चुनाव समिति की तीसरी बैठक हुई। इसमें विवाद वाले वार्डों में हुए दोबारा सर्वे के नतीजों पर चर्चा हुई। देर रात बिरगांव और रिसाली नगर निगम के उम्मीदवार घोषित किए गए। वहीं आधी रात के करीब भिलाई नगर निगम के सभी 70 वार्डों से उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई। प्रदेश के 15 शहरों में आम चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए नामांकन की अंतिम तिथि 3 दिसम्बर तय है। 20 दिसम्बर को यहां मतदान होना है। 23 दिसम्बर को मतगणना के बाद विजेता की घोषणा हो जाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *