रायगढ़ में साइबर जागरूकता पखवाड़ा का सफल समापन: 3 लाख से ज़्यादा लोगों को जागरूक किया गया!
रायगढ़ में साइबर जागरूकता पखवाड़ा का सफल समापन: 3 लाख से ज़्यादा लोगों को जागरूक किया गया!

रायगढ़। पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के निर्देशन पर 5 अक्टूबर से प्रदेश के सभी जिलों में साइबर जन जागरूकता पखवाड़ा चलाया जा रहा था। रायगढ़ जिले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस और हेल्पिंग हैंड समेत अन्य सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर जिला मुख्यालय और तहसीलों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस पखवाड़े का समापन आज जिला मुख्यालय के कमला नेहरू पार्क में एक भव्य कार्यक्रम के साथ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी रामगोपाल करियारे, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के साथ हेल्पिंग हैंड्स के प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, विन्नी सलूजा, रामनिवास मोड़ा, आशा बेरीवाल और अंजू बंसल मंच पर मौजूद रहे।

एडिशनल एसपी करियारे ने अपने संबोधन में कहा कि पखवाड़ा का आखिरी दिन तो है लेकिन जागरूकता का सिलसिला लगातार जारी रहना चाहिए। उन्होंने वर्तमान समय में होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए लोगों से सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। रामगोपाल करियारे ने पखवाड़े में सहयोगी रहे सभी सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर, साइबर वॉलंटियर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और रायगढ़ के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ निरंतर सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

इसे भी पढ़ें  हिंदी साहित्य की ‘मीरा’ को मुख्यमंत्री साय का भावभीन नमन!

हेल्पिंग हैंड के प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने समापन में सभी का आभार व्यक्त करते हुए रायगढ़ पुलिस का जन-जन को जागरूक करने के लिए विशेष तौर पर साइबर सेल पुलिस टीम के हर सदस्य की मेहनत की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस पखवाड़े में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन, दिव्य ऊर्जा लायंस क्लब, लायंस क्लब रायगढ़ सिटी, लायंस क्लब प्राइड, उम्मीद स्कूल फाउंडेशन, गौ रक्षा वाहिनी, वी क्लब स्माइल और अन्य कई सहयोगी संस्थाओं के सदस्यगण, डिजी रील्स एंड फिल्म्स प्रोडक्शन की पूरी टीम, साइबर सेल के स्टाफ और मीडिया साथी ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

05 अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने ऑटो रैली को हरी झंडी दिखाकर पखवाड़े का शुभारंभ किया था। साइबर डीएसपी अभिनव उपाध्याय ने हेल्पिंग हैंड क्लब फाउंडेशन के संरक्षक और प्रदेश पदाधिकारी, साथ ही जिले के सक्रिय समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इस पखवाड़े को सफल बनाने की रणनीति तैयार की थी।

3 अक्टूबर से शरदीय नवरात्रि शुरू होने के बाद जिला पुलिस ने शहर के सभी भीड़भाड़ वाले दुर्गा पंडाल, गरबा स्थलों और चौंक-चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। साइबर डीएसपी अभिनव ने अपनी टीम और एनजीओ के साइबर वॉलंटियर्स के साथ शासकीय संस्थान कलेक्ट्रेट रायगढ़, गैर शासकीय संस्थानों, स्कूल, कॉलेजों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर फ्रॉड, शेयर मार्किंग, सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों से जागरूक किया।

इसे भी पढ़ें  CISF जवान से लाखों की ठगी: टीटीई बनकर महिला ने रेलवे में नौकरी का झांसा दिया

7 अक्टूबर को कलेक्टर कार्तिकेया गोयल और पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल की अध्यक्षता में खरसिया तहसील में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों को साइबर अपराधों से जागरूक किया गया और साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

जागरूकता पखवाड़े में 10 अक्टूबर को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा और विशिष्ट अतिथि ओपी चौधरी, वित्त मंत्री छत्तीसगढ़ शासन की मौजूदगी में रायगढ़ ऑडिटोरियम में एक बड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें लगभग 2000 लोगों को साइबर अपराध और जल संरक्षण के बारे में जानकारी दी गई।

इस पखवाड़े में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया और रेडियो के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। 12 अक्टूबर को आकाशवाणी रायगढ़ से डीएसपी अभिनव ने रेडियो के लगभग 50000 श्रोताओं को साइबर अपराधों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल की अभिनव पहल #Cyber_subah अनवरत जारी है जिसमें प्रतिदिन जिला पुलिस सोशल मीडिया पर सक्रिय-मीडियाकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता, औद्योगिक संस्थानों के प्रमुख, शिक्षक, डॉक्टर, नर्स, स्टूडेंट्स, सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर की व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर प्रतिदिन एक साथ 50,000 लोगों तक साइबर जागरूकता के पोस्टर, रीलर्स शेयर किये जा रहे हैं। साथ ही रायगढ़ पुलिस अपने सभी ऑफिशल फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, व्हाट्सएप चैनल के माध्यम से भी साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें  कांवड़ यात्रा 2024: रायपुर में बोल बम सेवा समिति का अभूतपूर्व स्वागत समारोह

साइबर जन जागरूकता पखवाड़े में 14 अक्टूबर को ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी पूंजीपथरा के ऑडिटोरियम में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज बिलासपुर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा साइबर जागरूकता पर आधारित “जागरूक हो जाओ” सॉन्ग का विमोचन किया गया। इस गाने को जनप्रतिनिधियों, ब्यूरोक्रेट्स, कला और साहित्य से जुड़े लोगों ने काफी सराहा। दो दिनों में ही इस गाने को एक लाख से ज़्यादा व्यू मिले जो लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

15 दिनों के इस साइबर जन जागरूकता पखवाड़े में 27 से अधिक विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें जिला पुलिस ने लगभग 3 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रूप से जागरूक करने का प्रयास किया। रायगढ़ पुलिस आगे भी #Cyber_subah, पुलिस जनचौपाल, चलित थान, साइबर चेतना जैसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जिलेवासियों को जागरूक करने का कार्य जारी रखेगी।